जिला पुलिस ने नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान छेड़ दिया है। इसके तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने तीन स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने अवैध शराब की खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार शाहतलाई पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस को इस संदर्भ में गुप्त सूचना मिली थी। एएसआई भवानी शंकर की अगुवाई में गश्त पर तैनात टीम ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उधर, बरमाणा थाना के अंतर्गत भी पुलिस ने अंग्रेजी और देसी शराब की बोतलें बरामद की हैं। जानकारी अनुसार पुलिस की एक टीम सलणू इलाके में एसआई केसर सिंह की अगुवाई में गश्त पर निकली थी। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब का कारोबार करता है। पुलिस ने दबिश देकर एक व्यक्ति के कब्जे से 36 बोतल देसी और 12 बोतलें अंग्रेजी शराब की बरामद कीं। जबकि स्वारघाट इलाके में भी पुलिस ने एएसआई हरीश चंद्र की अगुवाई में पेट्रोलिंग के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से अंग्रेजी और देसी शराब की 60-60 बोतलें बरामद कीं। एसपी राहुल नाथ ने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। इस संदर्भ में पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।