गोबिंद सागर झील में छलांग लगाने वाले युवक का शव मंगलवार देर शाम मिल गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। विनोद कुमार (24) पुत्र बलवीर मूल रूप से ऊना जिला के पन्साई का रहने वाला था।
युवक के परिजनों को पुलिस ने सूचना देकर शिनाख्त के लिए बुला लिया है। पुलिस के अनुसार शव को क्षत-विक्षित हालत में मिला है। युवक नयनादेवी में प्रसाद बेचने की दुकान में काम करता था।
सात अप्रैल को गोबिंद सागर झील में युवक ने छलांग लगा ली थी। हादसा उस वक्त हुआ जब मोटर वोट भाखड़ा घाट से ब्रह्मणी घाट कोसरियां की तरफ सवारियों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान झील के बीच पहुंचते ही एक युवक वोट से कूद गया था।
इसके बाद मोटर वोट चालक ने घटना की सूचना ग्राम पंचायत प्रधान विजय कुमार को दी। उन्होंने इसकी सूचना तलाई पुलिस दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की।
मगर युवक का कोई पता नहीं चला, इसके बाद गोताखोरों की मदद से भी युवक को तलाश करने को लेकर अभियान छेड़ा गया। डीएसपी घुमारवीं राजेश शर्मा ने बताया कि गोबिंद सागर झील से शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है, वहीं परिजनों को भी शिनाख्त के लिए बुला लिया गया है।