अमर उजाला ब्यूरो
भराड़ी(बिलासपुर)।
भराड़ी थाना के डंगार गांव में सोमवार रात चोरों ने घर के ताले तोड़कर नकदी और सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर लाखों रुपये के जेवरात और 40 हजार रुपये नकदी ले उड़े। चोरों ने रात करीब 2.30 बजे वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दूसरी ओर जिला में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। एक महीने में करीब चोरों ने दस के करीब वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस के अनुसार चोर घर के अंदर रखी सोने की दो अंगूठियां, 1 मंगलसूत्र, 1 टीक के अलावा करीब 40 हजार की नकदी उड़ा ले गए। चोर बड़े ही शातिर तरीके से दरवाजे के ताले तोड़ घर में घुसे और घर के अंदर रखे सामन की तलाशी कर ट्रंक में रखे सोने के आभूषणों के साथ-साथ नकदी लेकर फरार हो गए।
डंगार गांव की निर्मला देवी ने पुलिस को बताया कि उसके पति प्रकाश चंद मेहनत मजदूरी करते हैं। कुछ समय पहले उसके पति पेड़ से गिर गए थे। उनके इलाज के लिए घर में करीब 40 हजार की नकदी रखी हुई थी। साथ ही ट्रंक में सोने के आभूषण भी थे। रात को उनका सारा परिवार घर की नीचे वाली मंजिल में सो रहा था। करीब ढाई बजे मकान के ऊपर वाली मंजिल में कुछ आवाजें सुनाई दी। जब वह उठे तो उन्होंने देखा की तीन युवक और एक युवती भाग रही थी। जब परिवार के सदस्यों ने उठकर देखा तो ऊपर वाली मंजिल के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा था।
देखा तो ट्रंक में रखी नकदी और सोने के आभूषण चोरी हो चुके थे। लेकिन भागते समय चोरों का एक मोबाइल और जैकेट मौके पर रह गए। इसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस को चोरों के पैरों के निशान भी साथ लगते खेतों में मिले हैं। जिस मकान में चोरी की वारदात पेश आई वहां नजदीक ही लावारिस कार खड़ी मिली। पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है।
डंगार क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो युवकों सहित एक युवती को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पकड़े गए लोगों से कड़ी पूछताछ कर रही है। एक आरोपी पहले भी कई चोरी की वारदातों में संलिप्त है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मौके पर मोबाइल फोन और घर से थोड़ी दूर एक कार को छोड़ गए थे। इसके आधार पर पुलिस ने उक्त तीनों को मंगलवार को दोपहर बाद गिरफ्तार किया हैं। पुलिस को दी शिकायत में मकान मालिक ने बताया था कि उन्होंने भागते समय एक युवती को भी देखा था। लेकिन इस दौरान चोर मौके पर दो मोबाइल फोन, एक जैकेट और घर से कुछ दूरी पर एक कार को छोड़ गए थे। डीएसपी राजेश ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की तो पता चला कि जो गाड़ी मकान के नजदीक खड़ी है उसका मालिक पहले भी कई जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। इसके बाद पुलिस ने कार मालिक के घर पर छापा मारा इस दौरान पुलिस ने कार मालिक के घर पर मौजूद कार मालिक सहित एक अन्य युवक और एक युवती को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि इस चोरी के मामले में कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने बताया कि चोरी के मामले में दो युवक और एक युवती को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपियों से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है।