अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
माकड़ी पंचायत में पंचायत सड़क निर्माण के लिए हरे पेड़ उखाड़ने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सिर्फ एक व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए यह सड़क बनाई जा रही है। इसमें नियमों से सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है।
यहां तक की सड़क निर्माण से यहां बिछी पानी की लाइन को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हरे भरे पेड़ों को काटने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
एबीवीपी के हमीरपुर विभाग संयोजक विनोद ठाकुर ने बताया कि इस बारे में पूर्व में भी एडीएम बिलासपुर विनय कुमार को ज्ञापन सौंपकर वस्तु स्थिति से अवगत करवाया गया था। एडीएम बिलासपुर ने डीएफओ बिलासपुर को सारे मामले को देखने के निर्देश दिए थे। मगर उसके बाद भी सड़क निर्माण जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सदर विधायक के दखल के चलते ही गलत तरीके से यह सड़क निकाली जा रही है। इसमें कई हरे पेड़ों को उखाड़ा जा रहा है। इसके साथ ही दुर्गी देवी, रुलिया राम, जीवन सिंह, प्रेम सिंह और कश्मीर सिंह की मलकीयत भूमि को भी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने वन विभाग से मौके का निरीक्षण कर काम को रुकवाने की मांग की है। डीएफओ बिलासपुर सरोज भाई पटेल का कहना है कि ये जमीन वन विभाग की नहीं है। बड़े पेड़ों के काटे जाने की शिकायत ध्यान में आई है, जिस पर तुरंत विभागीय टीम को मौके पर भेज दिया गया है। अगर पेड़ कटे हुए पाए गए तो इस पर एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।