अमर उजाला ब्यूरो
भराड़ी (बिलासपुर)।
भराड़ी थाना के तहत फागत गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। महिला का पति मिस्त्री का काम करता है।
पुलिस को दिए बयान में महिला की सास ने बताया कि शुक्रवार को उनका बेटा काम पर गया था जबकि उनकी बहू सविता सुबह रोजमर्रा के काम कर रही थी। सास ने बताया कि बहू ने उनसे कहा था कि उसके पेट में दर्द हो रही है। इससे उसने घर में रखी कोई दवाई खा ली है। दवाई खाने के कुछ ही समय बाद उनकी बहू को उल्टियां होना शुरू हो गया। परिजन उसे भराड़ी अस्पताल ले गए। यहां से उसे घुमारवीं और इसके बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मगर बिलासपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। भराड़ी थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सविता कुमारी की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। उसके दो बेटे हैं। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।