जुखाला (बिलासपुर)। जुखाला क्षेत्र में एक पार्टी के कार्यकर्ताओं पर एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौच करने और धमकी देने का आरोप लगा है। श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जुखाला क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व ही पार्टी ने अपना कार्यालय खोला है। सड़क किनारे खुले इस कार्यालय में वीरवार सुबह कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा एक व्यक्ति को कार्यालय में बुलाकर उसके साथ गाली-गलौच करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
आशामझारी गांव के सोहन लाल ने बताया कि जब वह अपने निजी कार्य से जा रहा था, तो कार्यालय में बैठे पार्टी के समर्थकों ने उसे बुलाया। सोहन सिंह कार्यालय के अंदर गया तो कार्यकर्ताओं ने उसके साथ यह कहकर बहस शुरू कर दी कि वह वोट खराब कर रहा है। सोहन सिंह ने बताया कि इस कार्यालय में कोटला पंचायत का उपप्रधान सुमन ठाकुर भी बैठा था। जिसने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। सोहन सिंह ने बताया कि उसके साथ वहां हाथापाई शुरू कर दी, लेकिन अन्य समर्थकों ने रोक दिया। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी दी। सोहन सिंह ने पुलिस चौकी नम्होल में शिकायत दर्ज करवा दी है।
वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी नम्होल पुलिस चौकी में क्रॉस एफआईआर दर्ज करवा दी है। कोटला पंचायत के उपप्रधान सुमन ठाकुर ने कहा कि वीरवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय जुखाला में बैठे थे। उस समय सोहन सिंह नामक व्यक्ति वहां आया और उसने गाली-गलौच शुरू कर दी।
पुलिस चौकी नम्होल के प्रभारी सोहन सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायत आई है जिस पर जांच शुरू कर दी गई है।