दहेज के लिए बेटी को मारा, अब दिखा रहे राजनीतिक पहुंच
बरमाणा के सलणू गांव की रहने वाली थी पीड़ित मृतका
मृतका के परिजनों का आरोप दहेज के लिए करते थे मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर) बरमाणा क्षेत्र के तहत आने वाले सलणू गांव की एक विवाहिता की सुंदरनगर में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसके ससुराल वाले उसे दहेज को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। मृतका की मां का कहना है कि वह दहेज के रूप में ससुरालियों को तीन लाख रुपये व दस तोले सोना भी दे चुके हैं लेकिन उसके बावजूद भी वह उसके साथ मारपीट व दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। अब वह राजनीतिक पहुंच दिखा कर मामले को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं।
31 वर्षीय मृतका के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी पशु पालन विभाग में सुंदरनगर पोल्ट्री फार्म में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थी। जबकि उसका पति बाहर निजी कंपनी में कार्य करता है। परिजनों का आरोप है कि उसके ससुराल वाले अकसर उनकी बेटी के साथ दहेज को लेकर मारपीट व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहते थे। इनका कहना है कि पुलिस मौत को आत्महत्या बता रही है, जबकि उन्हें शक है कि ससुरालियों ने उनकी बेटी को मारा है क्योंकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह उसके शव को बिस्तर पर लेटा चुके थे। जबकि उसके दोनों मोबाइल फोन भी अलग-अलग जगह मिले हैं।
वहीं पड़ोसियों का भी कहना है कि वीरवार देर रात भी उनके घर से लड़ाई-झगड़े की आवाजें आ रही थीं। जबकि ससुरालियों ने बेटी की आत्महत्या की खबर भी उन्हें नहीं दी। शुक्रवार सुबह सात बजे मंडी से रिश्तेदारों ने उन्हें इसकी जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि एक माह पहले ही उन्होंने सोलन जिला से उसका तबादला सुंदरनगर के लिए करवाया था। वहीं परिजनों ने भी अपनी बेटी के शव का दाह संस्कार करने के लिए उसे सलणू ले आए हैं। जबकि सुंदरनगर में पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा दिया है। मृतका अपने पीछे चार साल के बेटे को छोड़ गई है।
--------------------
...सरोज पाठक।