झंडूता (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत बैहना ब्रह्मणा के गांव खतेड़ में बुधवार रात्रि एक पशुशाला में आग लग गई। इमारती लकड़ी और पशुओं का चारा जलकर राख हो गया। प्रशासन की ओर से पीड़ित को पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।
जानकारी अनुसार बलवीर सिंह पुत्र अर्जुन सिंह रात को गेहूं की थ्रेसिंग कर रहे थे कि अचानक गांव के लोगों ने पशुशाला से धुआं उठता देखा। लोग पशुशाला की ओर भागे। देखा कि पशुशाला में आग लग गई है। पशुशाला के अंदर बंधी एक भैंस और पांच बकरियों को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल गया। इसके साथ लगती झोपड़ियां भी जलकर राख हो गईं। बलवीर सिंह ने बताया कि पशुशाला के अंदर मकान बनाने के लिए करीब 40 हजार की शीशम व तुनी की लकड़ी रखी हुई थी जो जलकर राख हो गई। पटवारी रजत भभोरिया ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और प्रशासन की ओर से 5000 रुपये प्रभावित परिवार को दिए।
स्थानीय विधायक जेआर कटवाल ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। स्थानीय पंचायत प्रधान कमलेश कुमारी, उपप्रधान राजेंद्र सिंह, रोहल पंचायत प्रधान सपना, रचना, लाता देवी व कमला देवी ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने की मांग की।