अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)। बरमाणा थाना के तहत आने वाले लाड़ाघाट-जुखाला रोड पर बला रीड़ी के पास एक कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए गसौड़ (मार्कंडेय) स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एक नई ऑल्टो कार में सवार होकर युवा किसी कार्य से कहीं जा रहे थे लेकिन जैसे ही वह लाड़ाघाट-जुखाला रोड पर बला रीड़ी के पास पहुंचे तो कार चालक कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठा जिससे कार खाई में करीब 200 मीटर नीचे गिर गई। हादसे का पता चलते ही लोग वहां पर एकत्रित हुए जिन्होंने कार में सवार दोनों युवाओं को मार्कंडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने प्रताप सिंह (35) पुत्र सोहन लाल निवासी सनाली तहसील अर्की जिला सोलन को मृत घोषित कर दिया है। जबकि कार सवार दूसरे युवक राकेश कुमार (28) पुत्र संतराम निवासी कंधर, तहसील अर्की जिला सोलन को गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं एएसपी बिलासपुर भागमल ठाकुर का कहना है कि कार हादसे में एक युवक की मौत हुई है। जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।