अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)। बरमाणा थाना के तहत आने वाले कंदरौर-बरमाणा वाया सलनु सड़क पर जामला के पास रविवार दोपहर बाद एक टिप्पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसे में 25 वर्षीय टिप्पर चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सलनु गांव का रहने वाला विवेक (25) पुत्र चंद टिप्पर लेकर बरमाणा से सलनु की तरफ जा रहा था। लोगों का कहना है कि जैसे ही वह सलनु के पास पहुंचा तो वह टिप्पर पर से अपना नियंत्रण खो बैठा जिससे टिप्पर सड़क से 100 मीटर नीचे गिर गया। हादसे में टिप्पर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि अभी तक पुलिस को दुर्घटना का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।
वहीं सूत्र बताते हैं कि चालक की टिप्पर के नीचे दब जाने से मौत हो गई है। अगर समय रहते वहां पर कोई पहुंच जाता तो चालक की जान बचाई जा सकती थी, लेकिन टिप्पर में अकेला होने से कोई भी समय पर उसकी मदद के लिए पहुंच पाया। टिप्पर बजरी से भरा हुआ था, मार्च में चालक की शादी हुई थी। टिप्पर सड़क से 100 मीटर नीचे गिर गया।
थाना प्रभारी बरमाणा सुभाष शर्मा ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी चार बजे के करीब मिली, जिसके बाद टीम मौके पर गई लेकिन टिप्पर चालक की मौत मौके पर ही हो चूकी थी। पुलिस हादसे का कारण पता करने के लिए छानबीन कर रही है।