शाहतलाई(बिलासपुर)। शाहतलाई पुलिस ने शुक्रवार देर रात को एक युवक के पास से चिट्टा और चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने उक्त कार्रवाई देर राम गश्त के दौरान की है। खबर की पुष्टि एसएसपी अशोक कुमार ने की है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9.15 बजे के करीब एएसआई राजेश कुमार शर्मा मुख्य आरक्षी भूपेंद्र सिंह, रमेश चंद व होमगार्ड विवेक कुमार गश्त पर थे। इसी दौरान शक के आधार पर सेऊ शाहतलाई दियोटसिद्ध सड़क पर जा रहे एक युवक की तलाशी ली तो पुलिस को उसके पास से 1.89 ग्राम चिट्टा व 1.03 ग्राम चरस मिली। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए युवक अनिल कुमार सुपुत्र गौरी शंकर निवासी गांव खरोटा डाकघर बरठीं तहसील झंडूता जिला बिलासपुर उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी श्याम प्रसाद ने बताया कि पुलिस द्वारा अवैध नशा करने वालों के खिलाफ मुहिम चलाई हुई है। पुलिस टीम ने रात्रि गश्त के दौरान युवक से अवैध नशा पकड़ा है। पुलिस ने युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया कि पकड़े गए युवक को कोर्ट से जमानत मिल गई है।
एसएसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस थाना तलाई टीम ने शुक्रवार रात्रि गश्त के दौरान अनिल कुमार पुत्र गौरी शंकर गांव खरोटा जिला बिलासपुर के युवक से 1.89 चिट्टा व 1.03 चरस पकड़ी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे का कारोबार करने वालों पर पूरी तरह से शिकंजा कसे हुए है।