झंडूता और घुमारवीं में पकड़ी अवैध शराब की बोतलें
झंडूता/घुमारवीं (बिलासपुर)। बिलासपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में अवैध शराब की बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने अवैध शराब की बोतलों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घुमारवीं पुलिस ने कुठेड़ा के पास चेकिंग के लिए नाका लगाया हुआ था। यहां पर वह आनेजाने वाले वाहन की तलाशी ले रहे थे। इस दौरान एक कांगड़ा का युवक गाड़ी में सवार होकर कहीं जा रहा था। पुलिस ने जब वाहन को तलाशी के लिए रोका तो उसकी गाड़ी में शराब भरी हुई थी। जब पुलिस ने उससे कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा पाया। इसके बाद पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया। यहां पर पुलिस ने शराब की 60 बोतलें बरामद की।
वहीं झंडूता पुलिस ने भी गश्त के दौरान अवैध शराब की बोतलें बरामद की हैं। जानकारी के अनुसार झंडूता पुलिस के जवान ज्योरीपतन में पास गश्त पर थे। यहां पर पुलिस को सूचना मिली की अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, जब पुलिस ने चेकिंग की तो अवैध शराब की बोतलें बरामद की। गिनती करने पर वह 10 निकलीं। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी राजेंद्र कुमार जस्वाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा व शराब का अवैध कारोबार करने वालों पर नजर बनाए हुए हैं। नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।