बरमाणा (बिलासपुर)। बरमाणा थाना के तहत आने वाले पंजैल गांव के लिए कुछ लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर वन विभाग की जमीन से बिना इजाजत सड़क निकाल दी है। इस संदर्भ में वन क्षेत्र अधिकारी ने बरमाणा थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है। वन विभाग को भी इस बात का पता सड़क निकाले जाने के बाद ही लगा। इससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरमाणा थाना में पंजैल गांव के लिए सरकारी भूमि से बिना एनओसी के सड़क निकालने पर कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दिए बयान में वन क्षेत्र अधिकारी निशिथ कुमार ने कहा कि जब वह पंजैल क्षेत्र की वन भूमि के निरीक्षण के लिए दौरे पर थे तो उन्हें सूचना मिली की सरकारी भूमि पर से जेसीबी व ट्रैक्टर लगाकर सड़क निकाली जा रही है। जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां पर कोई नहीं था, जबकि सड़क निकाल दी गई थी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंच कर मुआयना किया और बाद में इसकी शिकायत बरमाणा थाना में की।
एसपी बिलासपुर अंजुम आरा ने बताया कि बरमाणा थाना पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 447 के तहत मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।