बिलासपुर। सरकार, प्रशासन व पुलिस विभाग की कुछ दिनों की सख्ती के बाद निजी बसों में ओवरलोडिंग दोबारा से शुरू हो गई है। जिला के निजी बसों में ओवरलोडिंग निरंतर जारी है। लगातार हो रही ओवरलोडिंग से एक बार फिर से लोगों की जान संकट में आ गई है। कभी भी और कोई बड़ा हादसा हो सकता है जिससे जान की बड़ी हानि हो सकती है। ऐसे में विभाग व प्रशासन को चाहिए कि वह बसों में हो रही ओवरलोडिंग को रोके।
कुल्लू के बंजार में हुए सड़क हादसे के बाद सरकार ने प्रदेश भर में निजी व सरकारी बसों में ओवरलोडिंग पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। प्रदेश सरकार के सख्त रवैये के बाद प्रदेश भर में कुछ दिनों तक ओवरलोडिंग बसों के चालान हुए जिसमें सरकारी बसें भी थीं, लेकिन अब दोबारा से बसों में दोबारा से ओवरलोडिंग शुरू हो गई है।
अभी दो दिन पहले बंदला से बिलासपुर आ रही एक सरकारी बस की ब्रेक फेल हो गई थी। हालांकि बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए हैंड ब्रेक लगाकर बस को पहाड़ी से टकरा कर रोक दिया था जिससे बस में सवार 45 सवारियों की जान बच गई थी लेकिन निजी बसों में तय सीटों से ज्यादा सवारियां बिठाई जा रही हैं जिससे हादसों के होने का खतरा पैदा हो गया है।
एसएसपी बिलासपुर अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस लगातार ओवरलोडिंग बसों पर नजर रखे हुए है। बसों में तय सीटों से ज्यादा सवारियां भरने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।