घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल की ग्राम पंचायत डंगार के गांव रेहड़ा में जंगल में लगी आग की चपेट में आने से दो मंजिला स्लेटपोश गोशाला जल कर राख हो गई। आग की घटना से दो परिवारों को काफी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। हादसा दोपहर के समय हुआ है। प्रारंभिक जांच में करीब चार लाख रुपये का नुकसान आंका है।
बनबारी लाल तथा अंति देवी पत्नी किशन राम दोनों की इकट्ठी दो मंजिला स्लेटपोश गोशाला थी। आग गोशाला के साथ जंगल में लगी थी। इस आग की चपेट में आने से गोशाला भी जलकर राख हो गई।
आग का पता जैसे ही गांव वालों को लगा तो उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग के कर्मचारियों के द्वारा आग पर काबू पाया गया है। इस आगजनी की घटना में दोनों गोशालाओं के मालिकों का लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि इस हादसे में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी देते हुए पूर्व पंचायत प्रधान जगरनाथ शर्मा ने कहा कि गोशाला में रखी घास व इमारती लकड़ियां जल कर राख हो गई हैं जिससे करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रधान ने स्थानीय प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए क्योंकि आग जंगल में लगने के कारण गोशाला में लगी है। अगर संबंधित विभाग के कर्मचारी आग को काबू पा लेते तो गोशाला जलने से बच सकती थी।
डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।