बिलासपुर। उपमंडल घुमारवीं के तहत आने वाले भदरौण गांव में अचानक कोठे में आग लगने से गोशाला चपेट में आ गई है। लोगों ने कड़ी मशक्कत से गोशाला में बंधे पशुओं को बचाया। वहीं लोगों ने आसपास से पानी लाकर किसी प्रकार से आग पर काबू पाया।
गोरख राम पुत्र नंदू राम निवासी भरौण ने बताया की दोपहर के समय वह अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि घास के कोठे में आग लगी है। आग इतनी भयानक थी कि देखते देखते ही गोशाला भी उसकी चपेट में आ गई। हालांकि लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से पशुओं को गोशाला से बाहर निकाला, जिस कारण किसी भी प्रकार से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। लोगों ने आसपास से और अपने घरों से पानी निकाल कर किसी तरह आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि इस हादसे की जानकारी पंचायत प्रधान को भी दे दी गई है।
---