बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने बामटा स्कूल के पास नाके के दौरान दो युवकों से 7.42 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। जांच की जा रही है कि दोनों आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने बामटा स्कूल के पास नाका लगाया हुआ था। बुधवार रात करीब आठ बजे बामटा चौक की तरफ से दो युवक पैदल आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए और पीछे मुड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने दोनों को थोड़ी ही दूरी पर जाकर पकड़ लिया। जब दोनों से पूछताछ की जा रही थी तो एक युवक ने अपनी जेब से माचिस की डिब्बी निकाली और सड़क किनारे फेंक दी। पुलिस ने जब माचिस उठाकर देखी तो उसमें पॉलिथीन के अंदर चिट्टा पाया गया। वजन करने पर 7.43 ग्राम निकला। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। युवकों की पहचान सुखवीर सिंह (28) उर्फ शक्की पुत्र स्वर्गीय देवराज गांव बागठेड़ू, घुमारवीं और विकास शर्मा (24) पुत्र दिलाराम गांव खासवीं, डाकघर दधोल, घुमारवीं के रूप में हुई है।
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।