अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)।
उपमंडल में एक महिला से नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुराचार का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला से इसके साथ ही करीब 26 हजार की नकदी और सोने के गहने भी हड़प लिए हैं। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला अचानक 27 जुलाई को घर से लापता हो गई थी। इसकी शिकायत परिजनों ने पुलिस थाने में दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने महिला के फोन पर बात करना चाही तो उसका फोन बंद आया। इस दौरान उसकी लोकेशन शिमला की तरफ आ रही थी। पुलिस ने फोन कॉल के आधार पर संदेह के आधार पर एक नंबर को चिन्हित किया। इस फोन नंबर की लोकेशन कोटखाई के आसपास आ रही थी। पुलिस ने इस फोन नंबर पर संपर्क किया तो सारा मामला सामने आ गया। इसके बाद आरोपी ने महिला को उसके घर भेज दिया। इसके बाद महिला पुलिस थाना में पहुंची। पुलिस को दिए बयान में महिला ने बताया कि आरोपी ने उसे नौकरी दिलवाने का झांसा दिया था और उससे पैसों की मांग भी की थी। पीड़ित महिला ने आरोपी के अकाउंट में लगभग 26,000 पर जमा भी करवा दिए थे और अपने गहने लेकर महिला शिमला रवाना हो गई थी। इसके बाद आरोपी ने उसे एक दिन शिमला में रखा और उसके बाद उसे कोटखाई लेकर चला गया। यहां पीड़ित महिला का आरोपी ने शारीरिक शोषण भी किया है। महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 व 420 के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा की पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस बैंक खाते की भी जानकारी लेगी। इसके अलावा हर पहलु को ध्यान में रख कर मामले की जांच की जाएगी।