बिलासपुर/केमरी। बरेली जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दो ट्रक आपस में भिड़ गए। जिसमें एक ट्रक चालक की मौत हो गई और क्लीनर घायल हो गया। वहीं दूसरी दुर्घटना में ट्रैक्टर- ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार एक छात्र घायल हो गया।
केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम रहसेना निवासी महजब खां उर्फ मुखिया (27) ट्रक चालक था। परिजनों को कहा कि वह रविवार की रात करीब तीन बजे वह बिहार से ट्रक में धान भरकर केमरी आ रहा था। उसके साथ ट्रक में गांव निवासी क्लीनर फिरोज अहमद भी था। बरेली जिले के फरीदपुर कस्बे के पास दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सामने से आ रहे एक ट्रक ने महजब के ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में महजब की मौके पर ही मौत हो गई। क्लीनर घायल हो गया। सूचना पर फरीदपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया और घायल को बरेली के जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को फोन से दी। मृतक के घर में कोहराम मच गया। सूचना पर परिजन विलाप करते हुए रवाना हो गए। सोमवार की शाम को मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। जहां बाद में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। मृतक के एक पुत्र के अलावा दो भाई और तीन बहनें हैं। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं, ग्राम नानकार निवासी ग्राम प्रधान अनिल गंगवार का पुत्र अंकित गंगवार रविवार की शाम बाइक से अपने घर जा रहा था। डैम के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत भाग गया। घटना की कोई रिपोर्ट नहीं लिखाई गई है।