बिलासपुर। वायुसेना की ड्यूटी से गायब एक सिपाही को वायुसेना ने भगोड़ा घाषित कर दिया है। वायुसेना के पुलिस ने उसकी तलाश में बुधवार को सिपाही के घर पर छापामार कार्रवाई की मगर वह नहीं मिल सका है।
वायुसेना बरेली के सार्जेंट आशीष तिवारी के नेतृत्व में वायुसेना पुलिस की दो सदस्यीय टीम बुधवार की दोपहर कोतवाली पहुंची। टीम में दूसरे सार्जेंट नवीन कुमार भी थे। टीम ने कोतवाली प्रभारी अजय श्रोतिया को बताया कि उनकी सेना में कोतवाली के ग्राम चंदेला निवासी करन सिंह बिष्ट सिपाही के पद पर तैनात है। वह काफी समय से ड्यूटी से गायब है। सेना ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया है।
वह लोग उसे काफी समय से तलाश रहे हें, मगर नहीं मिल पा रहा है। टीम ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी चल रही है। इसके बाद टीम ने ग्राम चंदेला स्थित आरोपी सिपाही के घर पर छापामार कार्रवाई की। मगर, वह नहीं मिल सका। गांव में वायुसेना की टीम को देखकर ग्रामीणों में तरह तरह चर्चाएं होने लगीं। जबकि, कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वायुसेना अपनी विधिक कार्रवाई करने में लगी है। टीम अपनी कार्रवाई करके वापस बरेली लौट गई है।