भराड़ी(बिलासपुर)। घुमारवीं थाना के तहत आने वाले शिमला-हमीरपुर नेशनल हाईवे 103 पर नस्वाल के पास दिनदिहाड़े कार में सवार पांच युवकों ने निजी बस के चालक पर हमला बोल दिया। मारपीट में बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बस चालक की शिकायत पर घुमारवीं थाना में पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बस चालक को मारपीट के दौरान आंख सहित अन्य जगहों पर चोटें आई हैं।
बस चालक विकास कुमार ने बताया कि वह रोजाना की तरह बुधवार दोपहर करीब 3 बजे लदरौर से घुमारवीं की ओर आ रहा था। इस दौरान दधोल चौक के समीप ठेके के सामने एक युवक शराब पीकर सड़क के बीच में खड़ा था। जबकि 4 युवक ठेके के बाहर खड़े थे। सड़क के बीच खड़े युवक को देखकर उसने बस रोक दी और लड़के को सड़क से हटने को कहा। इस पर युवक गंदी गंदी गालियां देने लग गया। हालांकि चालक ने युवक को गालियां न देने व सड़क से हटने को कहा। इसी दौरान 4 अन्य युवक शराब के नशे में वहां आ गए और उसके साथ मारपीट की लेकिन ठेके में काम करने वाले युवक ने किसी तरह चालक को इन लोगों से बचाया।
यही नहीं युवक उसके बाद भी अपनी कार में बस के पीछे आ गए और निहारी सेउ व नस्वाल के पास वह युवक अपनी गाड़ी को बस के आगे खड़ा कर रोकने का प्रयास करने लगे, तो उसने बस नहीं रोकी।
ड्राइवर के मुताबिक नस्वाल पेट्रोल पंप के समीप उन युवकों ने अपनी कार को बस के आगे लगा दिया और 3 युवक कार से उतरकर खिड़की के पास आ गए व उसको बस से नीचे उतारने लगे। इसके बाद युवकों ने चालक को बस के अंदर आकर पीटना शुरू कर दिया। ड्राइवर ने बताया कि जिस समय यह सारा घटनाक्रम हुआ उस समय बस में कुछ स्कूल की अध्यापिकाएं भी मौजूद थीं। इधर घुमारवीं थाना प्रभारी राकेश राय ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है, मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।