अमर उजाला ब्यूरो
जामली (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर जामली के पास देर रात पंजाब की ओर जा रही टमाटर की क्रेटों से भरी हुई जीप अनियंत्रित होकर खेतों में गिर गई। हादसे में जीप सवार चालक व परिचालक को हल्की चोटें आई हैं जिन्हें जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। यहां से दोनों को इलाज होने के बाद घर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार जीप में टमाटर भरे हुए थे जो पंजाब की सब्जी मंडियों को ले जाए जा रहे थे लेकिन शनिवार देर रात साढे़ 12 बजे जैसे ही चालक जामली के पास जीप लेकर पहुंचा तो जीप की ब्रेक फैल हो गई। जीप चालक ने सुझबुझ दिखाते हुए जीप को सड़क के एक तरफ खेतों में उतार दिया जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे में चालक और परिचालक को हल्की चोटें आई हैं। चालक रवि कुमार ने बताया कि गाड़ी गिरने के कारण उनके पांव में चोट आई है और परिचालक को हल्की चोटें आई हैं। वह सुंदरनगर से टमाटर भर कर लुधियाना की ओर जा रहे थे। अचानक ही गाड़ी ने ब्रेक छोड़ दी जिससे गाड़ी खेतों में जा गिरी। हादसे में ज्यादातर टमाटर खराब हो चुके हैं। उन्होंने मालिक को सूचना दे दी है वह भी मौके पर पहुंच रहे हैं।