भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत दधोल खुर्द गांव से सोमवार सुबह से लापता व्यक्ति घर से करीब आधा किलोमीटर दूर जंगल में मृत मिला। व्यक्ति सोमवार को सुसाइड नोट लिखकर घर से निकला था। लेकिन परिजनों ने सोमवार को इसकी शिकायत पुलिस को नहीं दी। मंगलवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। भराड़ी थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।
मिली जानकारी अनुसार दधोल खुर्द गांव का प्रकाश चंद (60) चाय की दुकान करता था। सोमवार सुबह वह घर से निकला। जाते समय प्रकाश चंद ने घर में एक नोट भी लिखकर छोड़ा। इसमें परिजनों को घर संभालने और कुछ अन्य बातें लिखी थीं। घर से जाने के बाद परिजनों व आसपास के लोगों ने सोमवार को उसकी तलाश शुरू कर दी। रात को भी तलाश करते रहे। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह युवाओं ने घर के नजदीक जंगल में प्रकाश को खोजना शुरू किया। एक जगह शराब की बोतल और प्रकाश चंद का मोबाइल पड़ा हुआ मिला। प्रकाश चंद का शव चीड़ के पेड़ के पास पड़ा था। गले में रस्सी भी थी जो चीड़ के पेड़ से बंधी थी। प्रकाश ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की है या पेड़ से लटककर, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। उसके गले में जो रस्सी थी वह बहुत पतली थी। डीएसपी घुमारवीं अनिल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।