स्वारघाट(बिलासपुर)। पुलिस थाना कोट की टीम ने सोमवार देर रात गश्त के दौरान दबट में एक मोटरसाइकिल सवार को 104 ग्राम भुक्की के साथ हिरासत में लिया है। पुलिस ने इसके तहत कोट थाने में एनडीपीएस का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात को कोट थाना पुलिस के एएसआई राजेश कुमार की अगुवाई में उनकी टीम दबट की तरफ गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस वहां से आने जाने वाले वाहनों की तलाशी ले रही थी तभी वहां से एक युवक मोटरसाइकिल पर निकला। युवक ने जैसे ही पुलिस को देखा वो घबरा गया और वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने युवक को रोका और उसकी तलाशी ली। युवक के पास 104 ग्राम भुक्की बरामद हुई। मोटरसाइकिल चालक की पहचान मलजीत (20) पुत्र हरपाल सिंह गांव जिंदबड़ी तहसील आनंदपुर जिला रोपड़ पंजाब के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना कोट में मादक पदार्थ द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।