स्वारघाट(बिलासपुर)। स्वारघाट-पिंजौर नेशनल हाईवे के अंतर्गत 17 किमी सड़क दुर्दशा का शिकार होकर रह गई है। उक्त हाईवे के अंतर्गत स्वारघाट से लेकर बगलैहड़ तक करीब 17 किमी सड़क के हिस्से में जगह-जगह पड़े गड्ढे आयेदिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस बार हुई भयंकर बरसात के दौरान नालागढ़ उपमंडल के तहत पहाड़ी इलाके में भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। हाईवे पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे पड़ गए हैं जिस कारण वाहन चालकों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि स्वारघाट से नालागढ़ की तरफ दर्जनों से ज्यादा जगह सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढ़े पड़े हैं जिस कारण रोजाना वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। सड़क की खस्ता हालत की वजह से दोपहिया वाहन चालकों को तो अक्सर दुर्घटनाओं का शिकार होना पड़ता है।
क्षेत्र के समाज सेवी मुकेश वर्धन, विपिन सांख्यान, मुनीश बंसल, विशाल व अवतार का कहना है कि स्वारघाट से नालागढ़ को जाने वाले नेशनल हाईवे भारी बरसात के कारण बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इन्होंने बताया कि स्वारघाट से लेकर बगलैहड़ तक सड़क मेें कई जगह पर तो डेढ़ से दो फीट तक गड्ढे पड़ गए हैं जिस कारण कार व जीप के निचले हिस्से का सड़क के साथ टकरा कर नुकसान हो रहा है। वहीं सड़क पर गड्ढों के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। हाईवे पर पड़े गड्ढों को मजदूरों द्वारा मिट्टी व पत्थर डाल कर खाना पूर्ति की जा रही है।
क्षेत्र की जनता का कहना है कि स्वारघाट से बद्दी व पिंजौर की तरफ जाने वाले वाहनों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। ऐसे हालात में उक्त हाईवे के क्षतिग्रस्त हो चुकी सड़क के 17 किलोमीटर के हिस्से में जल्द सुधार लाना चाहिए ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके। लोनिवि नेशनल हाईवे उपमंडल नालागढ़ के सहायक अभियंता कुलबीर सिंह ठाकुर ने कहा कि पैचवर्क का काम शुरू कर दिया है। खस्ताहाल सड़क के 17 किलोमीटर के हिस्से का बजट बनाकर सड़क एवं परिवहन मंत्रालय दिल्ली को मंजूरी के लिए भेजा गया है।