घुमारवीं(बिलासपुर)। प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव रजनीश मेहता ने कहा कि मौजूदा समय में प्रदेश सरकार की दोगली नीति आम जनता पर भारी पड़ रही है। और कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। प्रदेश सरकार एक तरफ शादी-विवाह में सौ लोगों को ही मंजूरी प्रदान कर रही है। दूसरी तरफ सरकार के कार्यक्रमों मे भीड़ जुट रही है, जहां पर प्रशासन भी मूकदर्शक बना हुआ है ।
वर्तमान परिस्थितियों को देखकर लगता है कि कोरोना वायरस से निपटने में प्रदेश सरकार पूरी तरह नाकाम हो गई है। लोग लगातार इस बीमारी से मर रहे हैं और सरकार 3 साल का जश्न मनाने की दुहाई दे रही है। देवभूमि में महामारी ने तांडव मचा रखा है। स्वास्थ्य तंत्र पर लोगों का विश्वास उठ गया है, लेकिन इस कोरोना काल में प्रदेश के मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी की चिंता सता रही है। सरेआम इनके केंद्रीय राज्यमंत्री प्रदेश सरकार की पोल खोल रहे हैं। कहा कि इस कोरोना काल में जैसी लूट हुई है यही कोरोना भाजपा के पतन का कारण होगा। कहा कि एक तरफ तो पूरे प्रदेश में महामारी तेजी से बढ़ रही है। प्रतिदिन कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है। दूसरी तरफ प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जश्न मनाने की बात कर रहे हैं।
मेहता ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के स्वागत में बिलासपुर में 5000 लोगों को इकट्ठा करने का दावा कर रहे हैं। एक तरफ तो प्रदेश सरकार कह रही है कि शादी विवाह में सिर्फ 100 लोग इकट्ठा होंगे अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ खुद राजनीतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। तो क्या जो नेता रैली, जनमंच का आयोजन राजनीतिक तौर पर किए जा रहे हैं, उनके ऊपर भी प्रशासन कोई कार्रवाई करेगा या सिर्फ मूकदर्शक बनकर रहेगा। कहा कि प्रदेश सरकार को चाहिए कि राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी फिलहाल जब तक यह बीमारी जड़ से खत्म नहीं होती, तब तक प्रतिबंध लगा देना चाहिए और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें बचाया जाना चाहिए ।