भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत शिमला-हमीरपुर नेशनल हाईवे पर तरघेल के पास स्थित एक ढाबे पर काम करने वाले रसोइये की संदिग्ध अवस्था में शुक्रवार रात मौत हो गई। मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
ढाबा के मालिक मुकेश ने पुलिस को बताया कि माकड़ी गांव का सुरेंद्र उसके होटल में काम करता था। शुक्रवार रात को सुरेंद्र ढाबे पर अकेला सो गया। शनिवार शुबह ढाबे पर आकर देखा तो सुरेंद्र मृत अवस्था में पड़ा था। ढाबा मालिक ने इसकी सूचना तुरंत भराड़ी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है।
भराड़ी थाना प्रभारी अश्वनी ने बताया कि शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल पाएगा। मामला दर्ज कर लिया है, छानबीन की जा रही है।