इस पुल के बनने से झंडूता और बड़सर विधानसभा की घट जाएगी दूरी
-अप्रोच कार्य पूरा होने के बाद शुरू होगी यातायात सुविधा
-दो विधानसभा की करीब 50 हजार आबादी होगी लाभान्वित
सुभाष कपिल
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता और बड़सर विधानसभा क्षेत्र को आपस में जोड़ने वाले पुल से शीघ्र ही क्षेत्र के लोगों को यातायात की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। दुग खड्ड पर बने इस पुल का कार्य पूरा हो चुका है और अप्रोच का कार्य शेष बचा है।
पुल की लंबाई 36 मीटर, जबकि चौड़ाई साढ़े पांच मीटर है। इस पुल के लिए 1.30 करोड़ बजट का प्रावधान किया गया था। पुल का निर्माण कार्य दो साल की अवधि में पूरा करने का लोक निर्माण विभाग ने समय निर्धारित किया था। वहीं समय अवधि में पुल बन कर तैयार हो चुका है। अप्रोच का कार्य पूरा होने के बाद लोगों को पुल की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। करीब 28 लाख से पुल की अप्रोच के कार्य को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग प्रयास कर रहा है। पुल से झंडूता और बड़सर दोनों विधानसभा क्षेत्र की करीब दो दर्जन ग्राम पंचायतों की करीब पचास हजार आबादी को लाभ मिलेगा। वहीं झंडूता से बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध मंदिर की दूरी करीब पांच से आठ किलोमीटर कम होगी। पुल की सुविधा से गुजरेहड़ा, कथयुन के साथ लगते कई गांवों के लिए यह पुल मील का पत्थर साबित होगा। इन क्षेत्रों के लोगों को दियोटसिद्ध मंदिर जाने के लिए दसलेहड़ा, झबोला, सेउ होकर दियोटसिद्ध मंदिर जाना पड़ता है, लेकिन पुल तैयार होने के बाद लोगों को कम दूरी तय करनी पड़ेगी। यदि झंडूता से बाया भड़ोलीकलां घराण, शाहतलाई की बात करें तो दियोटसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर करीब 28 किलोमीटर पड़ता है।
कोट
लोगों की दिक्कत दूर करने के लिए पुल का निर्माण किया गया। झंडूता विधानसभा और बड़सर विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों को पुल की बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। झंडूता के लोगों के लिए दियोटसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर नजदीक होगा।
- जीतराम कटवाल, विधायक झंडूता
कोट
पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पुल की अप्रोज का कार्य शेष रह गया है। विभाग इस कार्य को शीघ्र पूरा करने का प्रयास कर रहा है। इस पुल से लोगों को बेहतर यातायात की सुविधाएं उपलब्ध होगी।
- केके चौहान,अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग झंडूता