बिलासपुर अस्पताल में धरना प्रदर्शन करते पूर्व विधायक बंबर ठाकुर और कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्रीय अस्पताल में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड मशीन और चिकित्सकों की कमी के मुद्दे पर एमएस कार्यालय के बाहर शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
बंबर ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर क्षेत्रीय अस्पताल में चार वर्ष से सीटी स्कैन की मशीन खराब है। लेकिन आज तक यह मशीन ठीक नहीं हो पाई है। काफी समय से रेडियोलॉजिस्ट विशेषज्ञ का पद भी खाली है। अस्पताल प्रबंधन पिछले साढ़े तीन साल से 56 लाख रुपये के जनरेटर को भी नहीं चला पाया है। अगर किसी मरीज का ऑपरेशन रात को करना पड़े और लाइट चली जाए तो कौन जिम्मेदार होगा। आरोप लगाया कि बिलासपुर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का गृह जिला होने के बावजूद क्षेत्रीय अस्पताल में अरसे से सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड की मशीन खराब पड़ी है। मरीजों को प्राइवेट लैब का रुख करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि कुछ निजी क्लीनिकों से सांठगांठ करके मरीजों को महंगे दाम पर टेस्ट कराने के लिए विवश किया जा रहा है।
बंबर ठाकुर ने कहा कि वे भाजपा नेता कहां हैं जो कांग्रेस कार्यकाल में इस अस्पताल में मामूली बात पर जमीन आसमान एक कर देते थे। हालात यह हैं कि प्रसूति विभाग में एक गायनी विशेषज्ञ को हर दिन 100-150 की ओपीडी लेनी पड़ रही है। बंबर ठाकुर ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पिता को बीमार होने पर निजी अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा और मुख्यमंत्री सहित तमाम अधिकारी व प्रमुख नेता भी उनका हालचाल जानने के लिए पहुंचे थे। मास्क, सैनिटाइजर और दवा खरीद घोटाले की जांच करवाने की मांग की। कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में दो-दो अधिकारी होने के बावजूद सुधार नहीं हो रहा है। अस्पताल की खस्ता हालत पर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने चाहिए। अधिकारियों के घेराव की चेतावनी भी दी।