संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। अजमेरपुर मेला एवं छिंज भराड़ी को जिला स्तरीय मेला घोषित होने की खुशी में मेला कमेटी ने उत्सव मनाया। कमेटी प्रधान करतार सिंह चौधरी ने सदस्यों व अजमेरपुर क्षेत्र की जनता को बधाई दी। इस मौके पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का मेला कमेटी ने विश्राम गृह भराड़ी में स्वागत किया और सरकार का आभार जताया। कमेटी ने धर्माणी को टोपी और शॉल देकर सम्मानित भी किया। चौधरी ने बताया कि अजमेरपुर मेला 2010 में एक छोटे स्वरूप में शुरू किया गया था। उस समय तत्कालीन विधायक कश्मीर सिंह ठाकुर ने इसका शुभारंभ किया था। कई बार कई तरह के उतार-चढ़ाव भी इस मेले में आए, लेकिन कमेटी व जनता के सहयोग से यह मेला सफल रहा। उन्होंने कहा कि उस समय समस्त कमेटी ने इस मेले को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आयोजित करने की बात की। प्रथा शुरू की गई कि सरकार चाहे कोई भी हो, लेकिन मेले की ओपनिंग अगर सत्ता पक्ष के प्रतिनिधि करेंगे तो समापन विपक्ष करेगा। आज तक यही प्रथा चली आ रही है। माता टौणी देवी मंदिर से पूजाकर के शोभायात्रा निकलती है और मेला ग्राउंड में खूंटा गाड़कर बैल पूजन से मेले की शुरुआत होती है। स्थानीय जनता के सहयोग से यह मेला पिछले 13 वर्ष से सफलता के आयाम स्थापित कर रहा है। करतार सिंह चौधरी ने बताया कि अजमेरपुर ग्रीष्मोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, लोकसभा सांसद पंडित राम स्वरूप, मंत्री जीएस बाली, पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग सहित कई जानी मानी हस्तियां अपनी उपस्थिति दर्ज कर चुकी हैं।
अजमेरपुर मेले को जिला स्तरीय करने की मिली मंजूरी
पिछले वर्ष मेले के समापन पर घुमारवीं विधानसभा के विधायक राजेश धर्माणी को मेला कमेटी ने अजमेरपुर मेला को जिला स्तरीय करने का प्रस्ताव दिया था, जिसको सरकार ने मंजूर करते हुए हाल ही में कैबिनेट बैठक में हरी झंडी दे दी है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने सभी अजमेरपुर मेला कमेटी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही सरकार की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान करने की बात भी कही। मेला कमेटी सदस्यों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी व्यक्त की। इस बैठक में ख्याली राम शर्मा, कमलदेव राव, अमी चंद सोनी, जेएन शर्मा, आजाद चंद वर्मा, परमानंद और अन्य मौजूद रहे।