छात्रा विद्यालय घुमारवीं में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मौजू
बच्चों के मॉडल और चित्रात्मक प्रदर्शन ने सभी का ध्यान किया आकर्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं( बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छात्रा घुमारवीं में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर जागरूकता कार्यशाला हुई, जिसमें नगर परिषद घुमारवीं के स्वच्छता योद्धा रवि कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
कार्यक्रम का आयोजन इको क्लब की ओर से हिमकॉस्टे के सौजन्य से किया गया। ईको क्लब प्रभारी कल्पना शर्मा ने ठोस अपशिष्ट के पृथक्करण के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा और संवाद के माध्यमों से यह समझाया कि घरों से निकलने वाले कचरे का सही वर्गीकरण करना क्यों आवश्यक है। यदि हम गीले और सूखे कचरे को अलग रखें तो दोबारा उपयोग और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया सरल हो जाती है। इससे पर्यावरण को बड़ी राहत मिलती है। कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक नमूनों और प्रदर्शनों के माध्यम से सात आर सिद्धांत इंकार करना, पुन: प्रयोग करना, मरम्मत करना, पुनर्चक्रण करना, दोबरा उपहार देना और दोबारा प्राप्त करना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। छात्राओं की ओर से तैयार किए गए मॉडल और चित्रात्मक प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय की पत्रिका ज्ञान कोना में भी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर उपयोगी सामग्री प्रदर्शित की गई। जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।
प्रधानाचार्य परमजीत शर्मा ने कहा कि कचरे का सही पृथक्करण स्वच्छ पर्यावरण की पहली सीढ़ी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर से ही यह आदत अपनाएं तो पर्यावरण संरक्षण का कार्य सरलता से संभव हो सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने कचरे के पृथक्करण पर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर अभिभावक गण, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा राजकुमारी, अध्यापक वर्ग और लगभग दो सौ बीस प्रतिभागियों ने कार्यशाला में भाग लिया।