-भेड़ाघाट में आयोजित हुआ सभा का वार्षिक अधिवेशन
-सभा के आय-व्यय और मांगों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। छत सहकारी सभा समिति भेड़ाघाट का वार्षिक साधारण अधिवेशन वीरवार को हुआ, जिसमें सभा की ओर से 11 वार्ड के स्कूल बैग, जूते और जुराबें बांटीं गई। अधिवेशन की अध्यक्षता सभा के प्रधान नंदलाल रत्न ने की।
कार्यक्रम में सभा कार्यक्षेत्र की चार पंचायतों छत, संडयार, कपाहड़ा और कोटलू ब्राह्मणा के करीब 125 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। सभा सचिव हरिपाल शर्मा ने सभा के वित्त वर्ष 2023-24 का लेखाजोखा कोरम में प्रस्तुत किया। इस कोरम में गत वर्ष के साधारण अधिवेशन की पुष्टि के बारे चर्चा की गई। कोरम में सभा के कार्य क्षेत्र सदस्यों को अधिकतम दस लाख के ऋण देने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा संडयार डिपो में स्थायी विक्रेता नियुक्ति करने के बारे में बताया गया, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि सभा का गत वर्ष शुद्ध लाभ 8,25,975 रुपये हुआ है। सदस्यों को 16 प्रतिशत लाभांश देने की स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2024 तक सभा की कार्यशील पूंजी 49.59 करोड़ है। सभा कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार गरीब बच्चों की सहायता की गई। सभा के छत स्कूल के साथ में लगते भवन में औद्योगिक इकाई में आटा चक्की, सरसों तेल निकालने वाली मशीन, हल्दी पीसने वाली मशीन को सुचारू ढंग से चलाने को कहा गया। लोगों को सस्ती दरों पर गेहूं, मक्की का आटा, सरसों तेल, तिल का तेल को पैक करके सस्ती दरों पर उपलब्ध करवाने की स्वीकृति प्रदान की गई, ताकि क्षेत्र के लोगों को हल्दी और सरसों तेल निकालने के लिए दूर न जाना पड़े। इस अवसर पर सभा उप प्रधान राजेंद्र जमवाल, सदस्य रमेश कुमार, गोरख सिंह, अमर नाथ, सूरत राम, अमी चंद, जोगिंद्र सिंह, ऋषि राम, कर्म सिंह, रुप लाल, कर्मचारी सभा सह सचिव राजेश कुमार, लिपिक चमन लाल सहित अन्य मौजूद रहे।