बिलासपुर (रामपुर)। नैनीताल हाईवे पर उत्तराखंड बॉर्डर पर स्थित एक होटल में अचानक बिजली के शॉर्टसर्किट से आग लग गई। इससे हड़कंप मच गया। बाद में दमकल विभाग की टीम ने आननफानन पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
घटना कोतवाली क्षेत्र की रूद्र विलास चौकी के सामने उत्तराखंड बॉर्डर स्थित आर्क होटल की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार की शाम अचानक होटल के प्रथम तल के रूम कारिडोर के इलेक्ट्रिक पैनल में शॉर्टसर्किट से अचानक आग लग गई। आग लगते ही होटल में हड़कंप मच गया और होटल के कर्मचारी और होटल के कमरों में ठहरे लोग भी होटल के बाहर आ गए। शोर शराबा होने पर तमाम राहगीर भी एकत्र हो गए। होटल के मैनेजर ने अपने कर्मचारियों की मदद से होटल के एंटी फायर सिस्टम के माध्यम से आग को बुझाने का प्रयास किया। इस बीच सूचना पाकर दमकल विभाग के कर्मचारी भी फायर बिग्रेड के साथ मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान काफी हड़कंप मचा रहा। होटल के प्रबंधक आरके बत्रा ने बताया कि आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक पैनल में शॉर्ट सर्किट होना माना गया है। उन्होंने नुकसान के बाबत कोई बड़ा नुकसान न होने की बात कही है।