-शहर की गलियों में घायल अवस्था में घूम रहे गोवंश
-वाहन चालकों के साथ राहगीरों का पैदल चलना मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर की सड़कों से लेकर गलियों तक लावारिस पशुओं का कब्जा है। घायल अवस्था में गोवंश शहर की सड़कों और गलियों में घूम रहे हैं। शहर से गुजरते राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम लावारिस गोवंश सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं।
शहर में दिन के समय लावारिस पशु सड़कों और गलियों में घूमते रहते हैं। सड़कों पर इससे जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों के घरों के बाहर भी यह लावारिस पशु खड़े रहते हैं। कॉलेज चौक, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोसरियां सेक्टर, रौड़ा सेक्टर, आईटीआई चौक, लखनपुर, चांदपुर पुल के पास लावारिस गोवंश झुंड में रहते हैं। इनमें से बहुत सारे घायल भी हैं। समाजसेवी अधिवक्ता रजनीश शर्मा ने बताया कि जिला न्यायालय परिसर में पिछले चार दिनों से एक बूढ़ा घायल गोवंश खड़ा है, लेकिन प्रशासन की ओर से इसके लिए कोई उचित कदम नहीं उठाया है। शहर में इस समय सैकड़ों खुल गोवंश लोगों पर हमला कर रहे हैं। इनको इलाज की सख्त आवश्यकता है। सड़कों पर अधिकतर हादसे भी इनकी वजह से हो रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर परिषद से आग्रह किया कि इस मामले पर शीघ्र उचित कदम उठाया जाए।