लोगों ने विधायक से की मांग
-ग्रामीणों को आश्वस्त कर विधायक ने अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश
-बोले, गांवों के चहुमुखी विकास के लिए उन्हें सड़क सुविधा से जोड़ा जाना बेहद जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की जेजवीं पंचायत के भदोल, मरेटा व दूरघाट गांवों के लोगों ने विधायक जीतराम कटवाल से सड़क सुविधा मुहैया करवाने की मांग की है। इस मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल भाजपा के झंडूता कार्यालय में विधायक जीतराम कटवाल से मिला। विधायक ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से चर्चा करके उन्हें दिशा-निर्देश भी दिए।
कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। गांवों का विकास उनके इस संकल्प की अहम कड़ी है और गांवों के चहुंमुखी विकास के लिए उन्हें सड़क सुविधा से जोड़ा जाना बेहद जरूरी है। इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री ने विकास का मुख और पैसे का रुख गांवों की ओर मोड़ा है। उन्होंने भदोल, मरेटा और दूरघाट गांवों के लोगों को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उनके गांवों तक सड़क का निर्माण जल्द करवाया जाएगा।
इससे पहले जीतराम कटवाल ने सुन्हाणी पंचायत में कुछ दिन पहले आग लगने से जलकर राख हुई बशीरदीन की गोशाला के नुकसान का जायजा भी लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने समोह पंचायत के नौण में संपर्क सड़क में विधायक निधि से 5 लाख रुपये की राशि से निर्मित की जा रही पुली के कार्य का जायजा भी लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य जल्द पूरा किया जाए। इस मौके पर झंडूता भाजपा मंडल अध्यक्ष रसम सिंह चंदेल, शाहतलाई मंडल अध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, सुशील नड्डा, दिनेश चंदेल और शैलजा शर्मा आदि भी उनके साथ रहे।