खबर प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद ने लिया संज्ञान
टूटे झूले की मरम्मत के बिना किया जा रहा था रंग-रोगन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर शहर के रौड़ा सेक्टर स्थित बाबा बंगाली पार्क में टूटे झूलों की मरम्मत की जाएगी। टूटे झूलों में रंग-रोगन किए जाने की खबर प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद हरकत में आ गई है। खबर के प्रकाशन के तुरंत बाद नगर परिषद के अधिकारियों ने पार्क का निरीक्षण किया और झूलों व सुरक्षा दीवार की मरम्मत के निर्देश जारी किए।
गौरतलब है कि पार्क में कई झूले टूटे हुए थे, चेन व सीटें क्षतिग्रस्त थीं और कुछ झूले असंतुलित अवस्था में थे। इसके बावजूद बिना मरम्मत के उन पर पेंट किया जा रहा था। साथ ही पार्क की सुरक्षा दीवार में भी कई स्थानों पर दरारें पड़ी हुई थीं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोग चिंतित थे। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में रौड़ा सेक्टर के बाबा बंगाली पार्क में टूटे झूलों पर ही कर दिया रंग रोगन शीर्षक के साथ मामले को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद नगर परिषद के संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि पहले झूलों की मरम्मत की जाए, उसके बाद ही रंग-रोगन या सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाए। संबंधित ठेकेदार ने बताया कि कार्य अभी प्रारंभिक चरण में है और मरम्मत का काम भी कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि झूलों को सुरक्षित बनाने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई है कि अब पार्क में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी और केवल दिखावटी कार्यों के बजाय स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।