छह खंडों में होगा तीन साल के लिए कार्यकारिणी का गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश की ओर से 28 मार्च को जारी चुनावी अधिसूचना के अनुसार बिलासपुर में खंड स्तरीय चुनावी प्रक्रिया वर्ष 2025-28 के लिए प्रारंभ कर दी गई है। छह शिक्षा खंड में यह चुनाव होंगे, जिसके लिए तैयारियां चल रही हैं।
जिला मीडिया प्रभारी खूब सिंह ठाकुर ने बताया कि शिक्षा खंड घुमारवीं-1 के चुनाव 12 अप्रैल को शिव शहनाई पैलेस लढयाणी घुमारवीं में होंगे। शिक्षा खंड घुमारवीं-2 के चुनाव 12 अप्रैल को राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला घुमारवीं, शिक्षा खंड झंडूता के चुनाव 12 अप्रैल राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला बरठीं में आयोजित होंगे। शिक्षा खंड श्री नयना देवी जी के चुनाव 13 अप्रैल को राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला टोबा, शिक्षा खंड सदर के चुनाव 14 अप्रैल को राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला रौड़ा और शिक्षा खंड स्वारघाट के चुनाव भी 14 अप्रैल को राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला जगातखाना में होंगे। उन्होंने बताया कि चुनावी प्रक्रिया 11 बजे से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की प्राथमिक सदस्यता 300 रुपये शुल्क देकर प्राथमिक सदस्यता आगामी 3 वर्ष के लिए प्राप्त करने वाले शिक्षक साधारण अधिवेशन और चुनावी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। चुनावी प्रक्रिया स्वतंत्र निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश के संविधान के नियमों व प्रावधानों के अनुसार पूरी की जाएगी। चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी प्राथमिक शिक्षकों से आग्रह किया कि वह नियमानुसार प्राथमिक शिक्षक संघ की सदस्यता ग्रहण कर चुनावी प्रक्रिया में बढ़ चढ़कर भाग लें।