- विस क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं देना प्राथमिकता
-सलवाड़ पंचायत के चमलेऊ में गुग्गा जाहरवीर मंदिर मेले का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और जन समस्याओं का समाधान शुरू से ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ईमानदारी से काम कर रहे हैं।
झंडूता की जनता से मुलाकात करने और लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करने के उद्देश्य से वह पदयात्रा शुरू करेंगे। अक्तूबर में पदयात्रा की शुरुआत कोटधार क्षेत्र से होगी।
कोटधार क्षेत्र की सलवाड़ पंचायत के चमलेऊ में गुग्गा जाहरवीर मंदिर में आयोजित मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे जीतराम कटवाल ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के प्रतीक हैं। गुग्गा जाहरवीर में लोगों की अटूट आस्था है। उन्होंने मेले के आयोजन के लिए मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों को बधाई देते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि इस मंदिर के विकास के लिए हर संभव योगदान दिया जाएगा। इससे जहां मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, वहीं मेले जैसे कार्यक्रमों का आयोजन भी और अधिक बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।
इससे पहले मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत अमृत वाटिका के निर्माण के लिए जीतराम कटवाल के रोपड़ी स्थित घर से मिट्टी एकत्रित की गई। उनकी माता सुनहरो देवी और भाई देशराज समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने अपने घर-आंगन की मिट्टी एकत्रित की। कहा कि ' मेरी माटी-मेरा देश' अभियान भी देशवासियों को एकजुट करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का उदाहरण है। इस मौके पर झंडूता भाजपा मंडल अध्यक्ष रसम सिंह चंदेल, मंडल विस्तारक जरनैल सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष अनिल चंदेल, महामंत्री दिनेश चंदेल, कोषाध्यक्ष राकेश चंदेल, प्रवक्ता लेखराम कौंडल, जिला कार्यकारिणी के सदस्य इंद्र सिंह चंदेल, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मनोज चंदेल, सलवाड़ पंचायत प्रधान कांशीराम, उपप्रधान जीत सिंह, पूर्व प्रधान रामलाल धीमान, पपलोआ की प्रधान वंदना, उपप्रधान प्रेम सिंह तथा वार्ड मेंबर रामदयाल ठाकुर, श्यामलाल, तेज सिंह पुरुषोत्तम दास शर्मा, शिव कुमार, संतोखा राम, कृष्णुराम, जसवंत, श्यामलाल, सुनील, अनिल, बंशीराम, देवराज, नंदलाल, परस राम और बुद्धि सिंह आदि भी मौजूद रहे।