एड्स जागरूकता जिला स्तरीय क्विज में भाग लेने वाले बच्चे व स्वास्थ्य अधिकारी। स्रोत: स्वास्थ्य व
यूथ फेस्ट-2026 के तहत आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 10 स्कूलों ने लिया हिस्सा
विजेता टीम राज्य स्तरीय मुकाबले में करेगी प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (एनएसीपी) के तहत शनिवार को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर के ट्रॉमा सेंटर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में यूथ फेस्ट-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय एचआईवी/एड्स क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की 10 टीमों ने भाग लेकर एचआईवी/एड्स से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति वैज्ञानिक सोच विकसित करना, बीमारी से जुड़े मिथकों और सामाजिक कलंक को दूर करना और जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा ने की। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (सह शिक्षा) बिलासपुर की छात्राओं पीहू और गौरी ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम अब राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर की टीम दूसरे, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घागस तीसरे और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार चौथे स्थान पर रही। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स के प्रति सही और वैज्ञानिक जानकारी ही इस बीमारी से जुड़े भ्रम, भेदभाव और सामाजिक कलंक को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज में जागरूकता फैलाने की सबसे मजबूत कड़ी है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित टीम को शुभकामनाएं देते हुए सभी प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस मौके पर जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक गुरुंग, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनंत राम सहित राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।