खिलाड़ियों ने जीते चार स्वर्ण और एक कांस्य पदक
कॉलेज में खिलाड़ियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर कॉलेज के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर अंतर महाविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बुधवार को खिलाड़ियों को कॉलेज में सम्मानित किया गया।
राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में आयोजित प्रतियोगिता के 57 किलोग्राम भार वर्ग में आशीष कुमार, 60 किलोग्राम भार वर्ग में आर्यन नेगी, 67 किलोग्राम भार वर्ग में मोहित और 80 किलोग्राम भार वर्ग में बोबिन चौहान ने स्वर्ण पदक जीता। 71 किलोग्राम भार वर्ग में ऋषभ ने कांस्य पदक जीता। प्राचार्य प्रो. नीना वासुदेवा ने विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया और बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है कि विद्यार्थी अध्यापन के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य प्रो. प्रेम जीत, टीम संयोजक डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, डॉ. नवीन भारद्वाज, टीम प्रभारी डॉ. अजीत और हितेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।