-घुमारवीं महाविद्यालय में सेमिनार का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं के बीसीए और पीजीडीसीए विभाग की ओर से बीसीए के विद्यार्थियों के लिए सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का शीर्षक आईटी पेशेवर बनने के लिए शुरुआती कदम था।
समारोह में सुलेमान खान रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को यूजर इंटरफेस, फ्रंट एंड, वेब टेक्नोलॉजी, जावा प्रोग्रामिंग और फ्रीलांसिंग में काम करने की प्रक्रिया प्रैक्टिकल रूप में सिखाई। हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूट सोसायटी के सचिव प्रो. सुरेश शर्मा ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम से छात्रों के पेशेवर कौशल का विकास किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन में रहने और जीवन में नैतिक मूल्यों का पालन करने और आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। समारोह में प्राचार्य प्रो. राम कृष्ण ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें टेक्नोलॉजी का सदुपयोग करने और सुसंगत में रहने के लिए प्रेरित किया। समारोह में बीसीए विभाग के समन्वयक डॉ. सूर्यकांत विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य आयोजक विभागाध्यक्ष प्रो. अमरपाल सिंह, प्रो. प्रियंका और 95 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित रहे।