संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आजादी के अमृत महोत्सव और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत खंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में किया गया। जिसकी अध्यक्षता झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल ने की।
मेले में स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड, विकलांगता प्रमाण पत्र, कोविड वैक्सीनेशन मौके पर की गई। आयुर्वेदिक विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच और योग के बारे में जागरूक किया गया। मेले में स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभागों के स्टॉल लगाकर लोगों को जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण चौधरी ने विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
उन्होंने बताया कि मेले में 222 लोगों का स्वास्थ्य जांचा। इसमें 33 लोगों की आंखों की जांच, 53 लोगों का रक्तचाप, 34 के शुगर टेस्ट, दो को दिव्यांग प्रमाण पत्र दिए गए, पांच टेली कंसलटेशन और तीन गोल्डन कार्ड मौके पर बनाए गए। जीत राम कटवाल ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है ताकि लोगों को स्वास्थ्य सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर विधायक ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
प्रदर्शनियों के माध्यम से लोगों को संतुलित आहार के बारे में जागरूक किया गया ताकि लोगों का स्वास्थ्य बेहतर हो सके। इस अवसर पर डॉक्टरों की टीम में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ईरानी, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र, सर्जन डॉ. दीपक, मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. विवेक, स्त्री रोग विशेषज्ञ ज्योति, डॉ. सौरभ, डॉ. पारस सहगल, डॉ. अखिलेश गौतम, डॉ. अंशुल शर्मा ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की। एसडीएम झंडूता नरेश वर्मा, एमएस डॉ. संजय वर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी अरविंद टंडन, तहसील कल्याण अधिकारी कमल कांत, पंचायत समिति उपाध्यक्ष शेर सिंह, सत्या धीमान, गुलाबू राम उपस्थित रहे।