नकराणा घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निकाली जागरूकता रैली
नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। संकल्प एक्सपीडिशन-2026 के नौवें दिन 70 एनसीसी कैडेट्स ने पूरे जोश और उत्साह के साथ नौकायान यात्रा जारी रखी। कैडेट्स ने मंडली से जकातखाना तक करीब 42 किलोमीटर की दूरी तय की और अगले पड़ाव जकातखाना पहुंचे। इस दौरान कैडेट्स ने नौकायान के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया।
नकराणा घाट पर कैडेट्स ने स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने घाट परिसर की साफ-सफाई करने के साथ लोगों को जलस्रोतों और इनके आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया। चलियाला और नकराणा क्षेत्र में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच और उपचार की जानकारी दी। जकातखाना पहुंचने के बाद कैडेट्स ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को टीबी के प्रति जागरूक रहने और समाज को टीबी मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। महिला कैडेट्स ने भी कठिन परिस्थितियों और लंबी दूरी के बावजूद पूरे साहस और आत्मविश्वास के साथ अपनी यात्रा जारी रखी।
कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने कहा कि कैडेट्स जिस अनुशासन, उत्साह और जज्बे के साथ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने महिला कैडेट्स के साहस और निरंतर बने हुए उत्साह की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि नौकायान के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।