नम्होल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देती कलाकार। स्रोत: मेला कमेटी
सुभाष शर्मा ने भजनों से किया आगाज, सुलोचना, सचिन कश्यप और दीक्षा वर्मा ने दीं प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मलोखर (बिलासपुर)। नम्होल में आयोजित पशु मंडी एवं किसान मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या हिमाचली लोक संस्कृति के नाम रही। स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने भजनों, पहाड़ी गीतों, पंजाबी और हिंदी फिल्मी गानों की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। पशु मंडी एवं किसान मेला समिति नम्होल की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ स्थानीय लोक गायक सुभाष शर्मा हिमाचली ने भजन की प्रस्तुति से किया। उनके भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया। इसके बाद बल्सीहाणा की गायिका सुलोचना ने पहाड़ी गीतों से दर्शकों का मन मोहा। बिलासपुरी जोड़ी के कलाकार सचिन कश्यप और उनके साथी ने पंजाबी गाने प्रस्तुत कर समां बांधा। शिकरोहा की स्थानीय कलाकार दीक्षा वर्मा ने हिंदी, पंजाबी, पहाड़ी और फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में बाबा बालक नाथ की तपोस्थली से पहुंचे गायक दिनेश ने अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन किया। पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजगांई क्षेत्र के प्रमुख व्यवसायी अशोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रमों की सराहना करते हुए मेला समिति को अपनी नेक कमाई से 21 हजार रुपये भेंट किए। समिति ने उनके सहयोग के लिए आभार जताया। इस अवसर पर अशोक कुमार को शॉल, टोपी और समिति का चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन चमन वर्मा ने किया।
महिला कबड्डी में नम्होल ने जामला को हराया
किसान मेले के तहत महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का पहला मुकाबला नम्होल और जामला की टीमों के बीच खेला गया। इसमें नम्होल की टीम ने 45 अंक हासिल किए, जबकि जामला की टीम 36 अंक ही जुटा सकी। इस तरह नम्होल ने नौ अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में विजयी आगाज किया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन की दर्शकों ने सराहना की।
नम्होल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देती कलाकार। स्रोत: मेला कमेटी