- सुन्हाणी के शिव गौरी मंदिर में शिव महापुराण कथा का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकासखंड झंडूता के शिव गौरी मंदिर सुन्हाणी में चल रही शिव महापुराण कथा का सोमवार को हवन और भंडारे के साथ समापन हो गया। कथावाचक पंडित राधा रमन शास्त्री ने कहा कि भगवान शिव पर एक लोटा जल चढ़ा देने मात्र से ही हमारी सभी इच्छाएं और कामनाएं पूर्ण हो जाती हैं।
उन्होंने कहा कि जैसे नारियल पेड़ अपने अनुकूल भूमि पर उगता और पोषित होता है। उसी प्रकार महादेव के प्रति जिसके मन में श्रद्धा होती है, माता-पिता के संस्कार उच्च होते हैं, अच्छे कर्म होते हैं उन्हीं को ही भगवान शिव की कृपा और भक्ति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया में धर्म का नाश होता है तब शिव आगे आकर धर्म और लोगों की रक्षा करते हैं। शिव की कृपा से ही शिव महापुराण कथा हो रही है। शिव की विशेष कृपा से ही 12 मास हर मंदिर में भीड़ लगी हुई है। जिन मंदिरों में धूल जमी हुई थी, उन मंदिरों में लोग एक लोटा जल लेकर भगवान शिव की स्तुति कर रहे हैं। धर्म का अनुसरण कर रहे हैं। यह सब भगवान शिव की विशेष कृपा का प्रमाण है। इस मौके पर पंडित गोपाल, हंसराज, सुरेश कुमार, राजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।