बिलासपुर स्थित एम्स में प्रशिक्षु डॉक्टरों के साथ बात करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बिलासपुर के कोठीपुरा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार एम्स के निर्माण से संबंधित सभी मुद्दों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एम्स के अधिकारियों ने सीएम से कहा कि एम्स के प्रथम चरण का निर्माण कार्य 30 जून 2022 तक पूर्ण हो जाएगा और एमबीबीएस का दूसरा बैच इस वर्ष के अंत अथवा आगामी वर्ष के जनवरी माह तक आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को संस्थान के लिए विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था करने और निर्धारित समयावधि में स्वीकृतियां प्राप्त करने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए एम्स में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने एम्स के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। ताकि प्रदेश के लोगों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने कहा कि विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए एम्स के अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय से कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान के एमबीबीएस के छात्रों के साथ संवाद किया।
एम्स के निदेशक वीर सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें संस्थान की विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। उन्होंने प्रदेश सरकार से संस्थान के आसपास विद्यालय खोलने के लिए भूमि प्रदान करने का आग्रह किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने एम्स निर्माण कार्य से संबंधित प्रस्तुति भी दी। बैठक में शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, विधायक जेआर कटवाल, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा, उपायुक्त पंकज राय, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर और एम्स के अधिकारी उपस्थित रहे।