न्यू पेंशन योजना कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर गेट मीटिंग करते सदस्य।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। बिलासपुर में न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ (एनपीएसईए) ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर रणनीति बनाई। खंड सदर, नम्होल, कलोल, झंडूता, घुमारवीं, भराड़ी, स्वारघाट और श्री नयनादेवी जी में लंच टाइम पर कर्मचारियों ने गेट मीटिंग की। बैठक में तय हुआ कि यदि सरकार बजट सत्र से पहले पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती है तो लाखों कर्मचारी शिमला में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
एनपीएसईए के जिला प्रधान राजेंद्र कुमार ने बताया कि बजट सत्र से पहले सरकार पुरानी पेंशन बहाली की अधिसूचना जारी करे वरना पूरे प्रदेश के कर्मचारी तब तक आंदोलनरत रहेंगे जब तक पुरानी पेंशन की बहाली की अधिसूचना सरकार जारी नहीं करती। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल में कर्मचारियों को मात्र आश्वासन ही दिए और पुरानी पेंशन बहाली के लिए कोई कार्य नहीं किया। चेताया कि सरकार इस भूल में न रहे कि कर्मचारी अब पुरानी पेंशन बहाली की फरियाद लेकर उनके पास आएंगे। कहा कि अब जो भी रणनीति होगी वह आंदोलन पर आधारित होगी। बिलासपुर में एनपीईएसए कर्मचारियों की गेट मीटिंग जिला प्रधान सीता राम की अध्यक्षता में दोपहर को हुई। सीता राम ने कहा कि एनपीईएसए कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से कम कुछ भी मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल मात्र शपथ लेने पर विधायक जहां आजीवन पेंशन का हकदार हो जाता है तो 30-35 वर्षों तक सरकारी नौकरी करने वाले कर्मचारी को क्यों अपने अर्जित धन का 40 प्रतिशत का केवल ब्याज ही मिल रहा है।
वहीं सदर खंड के प्रधान अजय कुमार डोड ने कहा कि कर्मचारी सरकारी सेवा में अपनी जिंदगी गुजार देता है। निजी कंपनियों के माध्यम से सरकारी कर्मचारियों को पेंशन देना सरासर अन्याय है जो किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि एनपीएस कर्मचारियों की अनदेखी की गई तो आने वाले समय मेें सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और केंद्रीय पाठशाला माकड़ी, रावमापा छड़ोल के सभी एनपीएस से संबंधित सदस्यों ने गेट मीटिंग में भाग लिया।