घुमारवीं में पुलिस के सहयोग से फुटपाथ से हटाया अतिक्रमण
शहर में यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। त्योहारों के मद्देनजर घुमारवीं शहर में यातायात और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नगर परिषद ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम ने शहर में लगने वाले जाम से निपटने के लिए फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
नगर परिषद ने बुधवार को पुलिस के सहयोग से फुटपाथ पर लगाई दुकानों और रेहड़ी-फड़ी को हटाया। दुकानदारों ने कार्रवाई से बचने के लिए सारा सामान उठाकर दुकान के अंदर कर लिया। हालांकि कुछ दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। यातायात व्यवस्था में बाधा पहुंचाने वाले दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों का सामान जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के अधिकारियों और दुकानदारों में नोकझोंक भी हुई। इसके बावजूद नगर परिषद के अधिकारियों ने प्रशासन के आदेशों पर अमल करते हुए कार्रवाई को जारी रखा। कुछ दुकानदारों ने सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण कर सामान सजा दिया है। मुख्य बाजार के साथ-साथ गली मोहल्ले में भी पैदल चलने के लिए जगह नहीं बची है। सबसे ज्यादा मुश्किल बाहरी दुकानदारों की ओर से पैदा की जा रही है। नगर परिषद ने इससे पहले भी कार्रवाई की थी, लेकिन स्थिति नहीं बदली और फिर से वही हालत बन गए थे। अतिक्रमण से पूरे शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही करवाचौथ और दिवाली जैसे बड़े त्योहार के चलते बाजार में बढ़ती लोगों की भीड़ के कारण समस्या और ज्यादा बढ़ रही थी।
शहर में फुटपाथ और सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को पहले भी चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद दुकानदारों ने अतिक्रमण को नहीं हटाया। नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की है और आगे भी जारी रहेगी। -पंकज धीमान, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद घुमारवीं