प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पुरानी पशुशाला भी हटाई
कब्जाधारक ने खुद किया प्रशासन का सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी की समीपी ग्राम पंचायत घवांडल के गांव बड़ारन में प्रशासन ने वर्षों पुराने अवैध कब्जे को हटवा दिया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान कब्जे वाली भूमि पर बनी पुरानी पशुशाला को भी हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि यह कब्जा करीब 50 वर्षों से था।
अवैध कब्जाधारक केहर सिंह ने बताया कि उक्त भूमि को लेकर लंबे समय से अदालत में मामला चल रहा था। अब अदालत की ओर से कब्जा हटाने के आदेश जारी होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग करते हुए कब्जा हटवाया है। केहर सिंह ने बताया कि अब उनका उक्त भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा नहीं है और उन्होंने भूमि को पूरी तरह छोड़ दिया है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग के कर्मचारियों के अलावा कानूनगो और पटवारी मौजूद रहे। ग्राम पंचायत प्रधान कल्पना देवी, इंद्र सिंह, रणदीप सिंह, लंबरदार मस्तराम, सगली राम और प्रदीप सिंह सहित अन्य लोग मौके पर उपस्थित रहे।