20 बीघा भूमि पर बनने वाला यह प्रोजेक्ट पर्यटकों को करेगा आकर्षित
कॉप्लेक्स का मॉल की तर्ज पर होगा निर्माण, 60 रिटेल दुकानें, बनेगा फूड कोर्ट
स्थानीय लोगों को मिलेंगे रोजगार, व्यापार के होंगे नए अवसर
संजीव शामा
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के औहर में पर्यटन को नई पहचान देने के लिए सरकार ने यहां 94 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर अत्याधुनिक टूरिज्म कॉम्प्लेक्स विकसित करने की मंजूरी दी है। 20 बीघा भूमि पर बनने वाला यह प्रोजेक्ट न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी रोजगार और व्यापार के नए रास्ते खोलेगा।
परिसर का निर्माण बड़े शहरों के आधुनिक मॉल की तर्ज पर किया जाएगा। यहां पर्यटक और स्थानीय निवासी पर्यटन, मनोरंजन व खानपान से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे पा सकेंगे। कॉप्लेक्स में मल्टी स्टोरी मॉल बनेगा, जिसमें बड़ी पार्किंग सुविधा रहेगी। टूरिज्म कॉम्प्लेक्स में लगभग 60 रिटेल दुकानें बनाई जाएंगी, जहां स्थानीय हस्तशिल्प, पर्यटन से जुड़ी वस्तुएं और रोजमर्रा की जरूरत का सामान उपलब्ध होगा। खाने-पीने की सुविधा के लिए आधुनिक फूड कोर्ट तैयार किया जाएगा। यहां प्रसिद्ध फूड चेन पर आधारित रेस्टोरेंट व कैफे होंगे, ताकि लोग स्वच्छ और आरामदायक माहौल में विभिन्न व्यंजनों का स्वाद ले सकें। कॉम्प्लेक्स का निर्माण क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को नई ऊंचाई पर ले जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर और छोटे व्यवसायियों को व्यापार के नए रास्ते मिलेंगे। होटल, टैक्सी, हस्तशिल्प और खानपान से जुड़े व्यवसाय को सीधा लाभ होगा।
इनसेट
परिसर में बनेगा ग्रीन पार्क, किड्स प्ले एरिया और आधुनिक झूले लगेंगे
मनोरंजन के लिए परिसर में ग्रीन पार्क, किड्स प्ले एरिया और आधुनिक झूले लगाए जाएंगे। युवाओं को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा गेमिंग जोन भी बनाया जाएगा, जिसमें आधुनिक इनडोर गेम्स और अन्य मनोरंजन सुविधाएं होंगी।
इनसेट
इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन भी होगा स्थापित
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित होगा। इससे पर्यटक अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को आसानी से चार्ज कर सकेंगे और यह परियोजना हरित विकास की दिशा में मिसाल बनेगी।
कोट
प्रदेश सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों को पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना है। औहर में बनने वाला यह टूरिज्म कॉप्लेक्स घुमारवीं क्षेत्र को नई पहचान देगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा स्रोत बनेगा। सरकार ने इसके लिए 94 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। कोशिश है कि यह प्रोजेक्ट समयबद्ध तरीके से पूरा हो और यहां आने वाले पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं मिलें।
राजेश धर्माणी, तकनीकी शिक्षा मंत्री
संवाद